Kaimur:पीडीएस व्यवस्था दुरुस्त करने को लेकर गोदाम प्रबंधकों के साथ बैठक, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

Spread the love

Report: ओमप्रकाश तिवारी

कैमूर:भभुआ अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार ने जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) को सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से गोदाम प्रबंधकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में एसडीओ ने सभी गोदाम प्रबंधकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर राशन उठाव सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया।

एसडीओ ने स्पष्ट कहा कि पीडीएस राशन के उठाव, भंडारण और उपलब्धता में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी स्तर पर गड़बड़ी या लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित पदाधिकारी और कर्मियों पर विभागीय नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

एसडीओ कार्यालय में आयोजित इस बैठक में भभुआ अनुमंडल के सभी प्रखंडों के गोदामों में राशन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान पाया गया कि कुछ स्थानों पर समय पर राशन उठाव नहीं होने से वितरण प्रभावित होने की संभावना बनी रहती है। इस पर एसडीओ ने नाराजगी जताते हुए नियमित रूप से राशन उठाव करने और लाभुकों के लिए पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने का निर्देश दिया।

बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया। चैनपुर के एजीएम दिनेश कुमार पासवान और चांद के एजीएम पौरूष सिंह का वेतन तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया। साथ ही दोनों अधिकारियों से लिखित स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। एसडीओ ने कहा कि बिना सूचना बैठक से अनुपस्थित रहना गंभीर अनुशासनहीनता है।

इसके अलावा एसडीओ ने सभी गोदाम प्रबंधकों को राशन उठाव, भंडारण और वितरण से संबंधित अद्यतन रिपोर्ट नियमित रूप से कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही गोदामों में खाद्यान्न के रख-रखाव, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और रिकॉर्ड संधारण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

प्रशासन के इस सख्त कदम से पीडीएस व्यवस्था में सुधार और पारदर्शिता आने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे लाभुकों को समय पर सरकारी राशन मिल सकेगा।

About The Author