Report: ओमप्रकाश तिवारी
कैमूर:कुदरा थाना क्षेत्र के पिपरा गांव में बुधवार की शाम एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। खलिहान में धान का ओसावन किए जाने के दौरान अचानक पंखा गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान झारखंड के लातेहार जिला अंतर्गत छीपादोहर थाना क्षेत्र के केड़ गांव निवासी रामबली भुईया के 14 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी देते हुए मृतक के मामा कार्तिक कुमार ने बताया कि रामबली भुईया अपने परिवार के साथ मजदूरी करने के लिए कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के पिपरा गांव आए हुए थे। बीते करीब एक माह से गांव में धान की कटाई और खलिहान में ओसावन का काम चल रहा था।
बताया गया कि बुधवार की शाम खलिहान में धान का ओसावन किया जा रहा था। इसी दौरान अंकित पंखे के पास खड़ा था। पंखा चालू अवस्था में था और अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह किशोर के सिर पर गिर पड़ा। हादसे में अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही अचेत हो गया।
हादसे के बाद परिजन उसे तत्काल स्थानीय स्तर पर इलाज के लिए ले गए। हालत में सुधार नहीं होने पर गुरुवार की सुबह उसे कुदरा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सदर अस्पताल भभुआ रेफर कर दिया।
परिजन एंबुलेंस से उसे सदर अस्पताल भभुआ लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां और अन्य परिजन अस्पताल परिसर में फूट-फूट कर रोते नजर आए।
घटना की सूचना मिलने पर कुदरा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इस दर्दनाक हादसे से झारखंड से मजदूरी करने आए गरीब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


More Stories
Kaimur:भभुआ रोड स्टेशन पर ट्रेन से कटकर रेलवे कर्मचारी की मौत, गांव जाते समय हुआ हादसा
Kaimur:नुआंव हाई स्कूल में पुलिस–छात्र संवाद, छात्राओं को सुरक्षा की जानकारी
Kaimur:सुवर्ण नदी के पास अनियंत्रित बाइक पलटी, 18 वर्षीय युवक घायल